इंदौर. तीन तलाक के खिलाफ कड़े कानून बनने के बाद भी यह मामले खत्म नहीं हो रहे है। हाल ही में इंदौर में एक युवक ने छोटी सी बात पर अपनी पत्नी को तलाक दे दिया। युवक किसी अन्य लडक़ी से बात करता था, पत्नी ने इसी बात पर आपत्ति जताई तो उसे घर से निकालकर तीन तलाक दे दिया। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है।
शाजिया नाम की महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी शमीर खान से अप्रेल 2023 में हुई थी। वह अपने पति के साथ सदर बाजार क्षेत्र में एक किराए के घर में रह रही थी। शादी के 6 महीने बाद उसे पता चला कि उसका पति किसी अन्य लडक़ी से चोरी-छीपे बात करता है। तब उसने पति को समझाते हुए लडक़ी से बात करने के लिए मना किया। इस पर पति ने उसे अपशब्द कहे और बोला कि उसे जो करना है वह कर ले, वह तो महिला से बात करेगा।
पीडि़ता यह सब सहती रही। उसका पति अन्य महिला से नजदीकियां बढ़ाने लगा। एक दिन पीडि़ता ने यह बात अपने पिता और बहन को बताई। इस पर उसका पति और भडक़ गया और बच्चे नहीं होने की बात पर ताने मारने लगा। उसने अपनी पत्नी के साथ मारपीट करते हुए यह बात आगे किसी और को नहीं बताने की बात कही। कुछ दिनों बाद फिर उसने अपनी पत्नी से मारपीट शुरू कर दी और उसे घर से बाहर निकालते हुए तीन तलाक दे दिया। समाज ने सुलह करने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माना। अब महिला की शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।