मध्यप्रदेश में तीन हफ्ते में तीसरी घटना, पति ने काटे पत्नी के हाथ

0
169

बैतूल: मध्यप्रदेश में पति द्वारा पत्नी के हाथ काटने की तीसरी घटना सामने आई है। भोपाल और सागर के बाद अब बैतूल में इस तरह की घटना सामने आई है। यहां भी पति ने कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी के हाथ काट दिए। बैतूल के चिचौली निवासी 40 वर्षीय कविता वंशकार का पति राजू से छोटी-छोटी बातों पर विवाद होता था। बुधवार रात भी दोनों में विवाद हुआ था। बुरी तरह घायल महिला को हमीदिया अस्पताल में भर्ती किया गया है। गुरुवार रात 9.30 बजे डॉक्टरों ने उसकी सर्जरी की।

गुरुवार सुबह 5.30 बजे राजू ने सो रही कविता पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया जिसमें उसका बायां हाथ कट गया, जबकि दाहिने हाथ की अंगुलियां कट गई हैं। राजू ने अपनी पत्नी के चेहरे पर भी कुल्हाड़ी से एक वार किया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

इससे पहले 9 मार्च को भोपाल के निशातपुरा स्थित पारस कॉलोनी में रहने वाली संगीता पर उसके पति प्रीतम सिंह सिसोदिया ने फरसे से हमला कर दिया था। इस हमले में संगीता का एक हाथ और एक पैर का पंजा कट गया था। हमीदिया अस्पताल के डॉक्टरों ने सर्जरी कर उसका हाथ जोड़ा, लेकिन सर्जरी फेल हो गई। दूसरी घटना 22 मार्च की है।

वहीं, रात 11 बजे सागर के बामनहोरा गांव में रणधीर ने अपनी पत्नी अनीता के दोनों हाथ कुल्हाड़ी से काट दिए थे। उसे भी हमीदिया अस्पताल में भर्ती किया गया था। डॉक्टरों ने सर्जरी से अनीता के दोनों हाथ जोड़े हैं, फिलहाल वह ऑब्जर्वेशन में है।

लगातार सामने आई इस तरह की तीसरी घटना के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इनपर संज्ञान लिया है। उन्होंने महिला हिंसा के खिलाफ नया कानून लाने का ऐलान किया है। महिलाओं की उनके पति द्वारा हाथ काटे जाने की घटना को सीएम ने दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इसके खिलाफ मैंने कठोर कानून बनाने के निर्देश दिए है।

 

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here