‘तुझे मरने का बड़ा शौक है, ले पूरा कर देता हूं’, पहले पत्नी को जलाया फिर खुद भी झुलस गया पति

0
317

भोपाल: राजधानी भोपाल में एक शख्स ने अपनी ही पत्नी को आग लगा दी। फिर उसे बचाने में खुद भी झुलस गया। झुलसे पति-पत्नी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। महिला के परिजनों का आरोप है कि पति दहेज को लेकर अक्सर महिला को ताने देता रहता था।

दरअसल, नीलबड़ में रहने वाली 25 वर्षीय प्रीति मालवीय की शादी पांच साल पहले सिकंदराबाद में रहने वाले अर्जुन मालवीय के साथ हुई थी। दोनों का तीन साल का बेटा भी है। पति और पत्नी दोनों ही जॉब करते हैं। रातीबड़ थाना के टीआई सुधेश तिवारी ने बताया कि दोनों के बीच आए दिन विवाद होते रहते थे। बीती 25 जून को भी दोनों के बीच किसी बात पर झगड़ा हुआ। जिस पर पति के तानों से परेशान प्रीति ने गुस्से में अपने ऊपर केरोसिन का तेल उड़ेल लिया।

इस पर गुस्सा जाहिर करते हुए अर्जुन ने ‘तुझे मरने का बड़ा शौक है, ले पूरा कर देता हूं इसे’ कहते हुए प्रीति पर माचिस की जलती हुई तीली फेंक दी। जब प्रीति लपटों में घिरी तो अर्जुन ने उसे बचाने का प्रयास किया, जिसके चलते अर्जुन भी झुलस गया। दोनों को भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना में प्रीति 70 फीसदी जल गई है और उसकी हालत गंभीर है।

वहीं पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ जानलेवा हमले और दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कर लिया है। जब अस्पताल की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो पीड़िता ने इतना कुछ होने के बाद भी आरोपी पति को बचाने की कोशिश की। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह खाना बनाते वक्त झुलस गई थी। हालांकि पुलिस को उसके बयानों पर शक हुआ और जब और पूछताछ की गई उसके बाद पीड़िता ने बिलखते हुए हकीकत बताई। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here