नई दिल्ली: ओलंपिक विनर सुशील कुमार की एक गलती ने उन्हें किलर बना दिया। कल तक जो नेशनल हीरो था, अब वह पुलिस की नजरों में कातिल बन गया है। सागर हत्याकांड मामले में सुशील कुमार पुलिस रिमांड पर है। इसी बीच वारदात के समय का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सुशील कुमार हॉकी स्टिक ने सागर को बुरी तरह पीट रहे है।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रिमांड के दौरान सुशील कुमार और उनके साथी अजय बक्करवाला से लगातार पूछताछ कर रही है। सुशील बार-बार यही रट लगा रहे हैं कि उन्होंने इरादतन अपने जूनियर सागर धनखड़ की जान नहीं ली, बल्कि वो तो सिर्फ उसे और उसके साथियों को डराना चाहते थे।
हालांकि सुशील ने उस वक्त चुप्पी साध ली, जब पूछताछ के दौरान अधिकारियों ने सुशील को वो वीडियो दिखाया जो उन्होंने खुद घटना के वक्त शूट करवाया था। उस वीडियो में सुशील कुमार हॉकी स्टिक लेकर सागर धनखड़ को पीटते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में दिख रहा है कि सागर पिटाई से जख्मी होकर ज़मीन पर लहूलुहान पड़ा है और सुशील वहीं स्टिक लेकर खड़े हैं।
उसी वीडियो फुटेज की एक तस्वीर भी सामने आई है. जिसमें सुशील कुमार हॉकी के साथ खड़े दिख रहे हैं। उनके साथी भी सागर को पीटते दिख रहे हैं। सागर जमीन पर गिरे हुए हैं। पुलिस ने इस सिलसिले में अब तक सुशील और उनके साथी अजय बक्करवाला समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्त में आए चार आरोपी गैंगस्टर काला असौधा और नीरज बवानिया के लिए काम करते हैं।




