उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक फैक्ट्री में आग लगने से बड़ी घटना हो गई है। इस घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई है, जबकि एक झुलस गई है। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाना शुरू कर दिया। हालांकि, कुछ देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया लेकिन तब तक तीन महिलाएं जिंदा जल चुकी थी। वहीं, घायल महिला का इलाज अस्पताल में जारी है।
उद्योगपुरी इलाके में स्थित बिंदल पोहा फैक्ट्री में शुक्रवार शाम अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग तेजी से फैलने लगी। घटना के समय मौके पर चार महिलाएं काम कर रही थी। उन्हें बचने का मौका ही नहीं मिला और 3 महिलाएं इस घटना में जिंदा जल गई। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
इस घटना को लेकर उज्जैन कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि बिंदल पोहा फैक्ट्री में यह घटना हुई है जिसमें 3 महिलाओं की मौत हुई है। फिलहाल जांच के आदेश दे दिए गए हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।



