रीवा। मध्यप्रदेश के रीवा जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक युवक ने एक बेजुबान गाय को ऑटो के पीछे रस्सी से बांधकर करीब 4 किलोमीटर तक सड़कों पर घसीटा, जिससे गाय गंभीर रूप से घायल हो गई। उसकी एक आंख की रोशनी तक चली गई और पूरे शरीर पर गहरे जख्म हो गए हैं। यह दर्दनाक घटना बिछिया थाना क्षेत्र में शनिवार रात को हुई।
घटना के दौरान तोपखाने के पास खड़े कुछ लोगों ने जब यह दृश्य देखा तो ऑटो चालक को रोकने की कोशिश की। लेकिन आरोपी ऑटो की रफ्तार बढ़ाकर भाग निकला। इस पर दो युवकों ने बाइक से उसका पीछा किया और करीब दो किलोमीटर बाद उसे पकड़कर गाय को छुड़ाया। घायल गाय को इलाज के लिए गोशाला में भर्ती कराया गया है।
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद इलाके में गुस्सा फैल गया। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक इकराम खान को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
कसाईखाने ले जाने की जताई जा रही आशंका
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि आरोपी गाय को कसाईखाने ले जाने की कोशिश कर रहा था। मनोज यादव नामक युवक ने बताया कि उन्होंने आरोपी को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह तेजी से भाग गया। यह कृत्य जानबूझकर और नफरत से प्रेरित प्रतीत हो रहा है।
घटना को लेकर विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष बालकृष्ण द्विवेदी ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा, यह जेहादी मानसिकता का परिणाम है, जिससे धार्मिक माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। यदि प्रशासन ने सख्त कार्रवाई नहीं की, तो हम स्वयं न्याय के लिए आगे आएंगे।”
पुलिस ने बताया कि आरोपी इकराम खान को गिरफ्तार कर लिया गया है। राधा मोहन उपाध्याय की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। पशु क्रूरता अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। यदि अन्य तथ्य सामने आते हैं तो धाराएं और भी जोड़ी जाएंगी।




