गोपालगंज: बिहार के एक स्कूल में उस समय हंगामा मच गया जब दूसरी कक्षा में पढ़ने वाला एक छात्र छत से लटक गया। छात्र ने ऐसा इसलिए क्योकि उसकी मां उसे बाजार घुमाने नहीं ले गई थी। इससे नाराज होकर वह पांच मंजिला इमारत की छत पर चढ़ा और छत से लटकने लगा। घटना गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र के बंजारी रोड के पास ज्ञानलोक आवासीय विद्यालय की है।
स्कूल के प्रिंसिपल और हॉस्टल प्रभारी के मुताबिक सदर प्रखंड के मानिकपुर गांव के रहने वाले इस बच्चे की मां और मौसी मंगलवार को दोपहर में उससे मिलने हॉस्टल आईं थी। बच्चे ने उसे बाजार में घुमाने की जिद की, जिसे उसकी मां और मौसी ने ये कहकर मना कर दिया कि बाजार में घुमने के बहाने वह हॉस्टल से निकलेगा और घर भाग जाएगा।
इस दौरान बच्चे ने जिद पकड़ ली और जब उसकी बात नहीं मानी गई तो वह बेहद नाराज हो गया। मां और मौसी के जाने के बाद बच्चा पांच मंजिला हॉस्टल की छत पर चढ़ गया और कूद जाने की धमकियाँ देने लगा। बच्चे को छत से लटका देख स्कूल के प्रिंसिपल और स्टाफ ने उसे बचाने की कोशिश शुरू कर दी और पुलिस को इसकी सूचना दी।
करीब आधे घंटे तक हॉस्टल की छत के ऊपर बने बाउंड्री वॉल से बच्चा लटका रहा। स्कूल स्टाफ और पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे को सुरक्षित वहां से उतारा गया। सब इंस्पेक्टर ने कहा कि मामले की जांच करने के बाद पता चला कि बच्चा इसके पहले भी कई शरारती हरकतें कर चुका है। बाद में स्कूल ने बच्चे को उसकी मां से कहा कि इसे घर ले जाएं।



