जबलपुर: मध्यप्रदेश में अब वकीलों वाला हनी ट्रैप गैंग एक्टिव है। इस गैंग में महिला के साथ तीन वकील भी शामिल है, जो जिला कोर्ट में पैरवी करते हैं। गैंग की महिला जबलपुर की रहने वाली है। महिला अमीरजादों को अपनी खूबसूरती और अदाओं के जाल में फंसाती है, फिर उनपर रेप का आरोप लगाकर उनसे रुपयों की डिमांड करती है। हनीट्रैप गैंग अब तक कई लोगों को शिकार बना चुकी है।
हाल ही में महिला ने जबलपुर के युवक को फंसाकर, उसके पिता से 15 लाख रुपये की डिमांड की। इस गैंग से सबसे पहले 2016 में घमापुर में विकास रामख्यानी नाम के व्यवसायी को फंसाया था। फिर उसे ब्लैकमेल किया तो मजबूरी में उसे समझौता कर महिला से शादी करनी पड़ी। शादी के बाद महिला ने उसकी संपत्ति हड़प की और उसपर रेप का केस लगा दिया।
इसके बाद इस महिला ने कानपुर के व्यवसायी को फंसाया और 40 लाख रुपये की डिमांड की। पैसे नहीं मिलने पर उसे झूठे केस में फंसा दिया। ऐसा कर ये गैंग अबतक कई लोगों को अपना शिकार बना चुका है। गैंग में महिला के साथ वकील ही शिकार को कॉल कर धमकाते हैं। पहले दबाव बनाया जाता है कि रेप केस से बचना चाहते हो तो ले-देकर समझौता कर लो।
हनी ट्रैप का ये सनसनीखेज मामला उस समय सामने आया, जब पीड़ितों ने एकसाथ एसपी से इसकी शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। अब पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए फोन नंबर की जांच कर रही है।



