रास्ते में गिरी 12 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा, युवक की मौत

0
4

बुरहानपुर। मध्यप्रदेश के बुरहानपुर की खस्ताहाल सड़कों ने एक बार फिर हादसे को जन्म दिया। शनिवार रात करीब 9 बजे लालबाग रोड पर तुलसी मॉल के पास 12 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा गिरने से खंडवा निवासी युवक शशांक जोशी की मौत हो गई। हादसे के समय प्रतिमा को सम्राट मौर्य आर्ट, लालबाग से नाई आवार खंडवा ले जाया जा रहा था। सड़क पर बने गड्ढों के कारण प्रतिमा डगमगाई और नीचे गिर गई, जिसके नीचे दबने से शशांक गंभीर रूप से घायल हो गया। निजी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हाटकेश्वर गणेश मंडल के साथ आया एक अन्य युवक भी घटना के बाद सदमे में बेहोश हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

हादसे की सूचना मिलते ही सीएसपी गौरव पाटिल के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची। बड़ी संख्या में लोग और जनप्रतिनिधि भी अस्पताल में जमा हो गए। एएसपी अंतर सिंह कनेश और एडीएम वीर सिंह चौहान ने हालात संभाले। वहीं, हिंदू महासभा प्रवक्ता ओम आजाद और कांग्रेस नेता अजय सिंह रघुवंशी ने शहर की टूटी-फूटी सड़कों को हादसे का जिम्मेदार ठहराते हुए तत्काल गड्ढे भरने की मांग की।

पहले भी हुई थी प्रतिमा गिरने की घटना

गौरतलब है कि दो दिन पहले इच्छापुर रोड पर भी सड़क खराब होने के कारण प्रतिमा गिर गई थी। इसके बाद प्रशासन ने पेचवर्क शुरू कराया और शांति समिति की बैठक में कलेक्टर ने सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके शनिवार रात एक और बड़ा हादसा हो गया।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here