चुरू: राजस्थान के चुरू में कुछ लोगों ने दलित युवक के साथ दरिंदगी की है। इन लोगों ने कथित तौर पर पहले दलित युवक का अपहरण किया और फिर उसे लाठी-डंडों से बुरी तरह पीटा। इतना करने पर भी जब इन लोगों का मन नहीं भरा तो उसे जबरदस्ती पेशाब पीने पर मजबूर किया। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना चुरू जिले के रतनगढ़ की 26 जनवरी की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि पीड़ित की जाट समुदाय के लोगों से पुरानी दुश्मनी थी। 26 जनवरी के दिन दलित युवक को जाट समुदाय के 8 लोग उठाकर अपने साथ ले गए थे। उनके बीच वहां किसी बात को लेकर विवाद होने लगा जिसके बाद आरोपी उसे बुरी तरह पीटने लगे। बेहोश होने पर उसे जबरन पेशाब भी पिलाई।
अस्पताल में इलाज करा रहे पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसे कुछ युवक उठाकर सुनसान जगह पर ले गए और जमकर पीटा, उसे पेशाब पिलाई और जब वो बेहोश हो गया तो मरा हुआ समझकर वहीं छोड़ दिया और मौके से भाग निकले। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।



