फर्जी डॉक्टर बन कंपाउंडर चला रहा था अस्पताल, कोरोना मरीजों का भी कर चुका है इलाज

0
17
morya hospital

पुणे: महाराष्ट्र में पुणे में कोरोना का कहर जारी है। शहर में तेजी से बढ़ रहे कोरोना के मामलों के बीच एक हैरान कर देने वाला मामला सामना आया है। यहां एक कंपाउंडर फर्जी डॉक्टर बनकर दो साल से अस्पताल चला रहा था। इतना ही नहीं, इस अस्पताल में कोरोना के मरीजों का इलाज चल रहा था। कोरोना मरीजों के लिए अस्पताल में अलग वार्ड बना रखा था।

मामले का खुलासा पार्टनरशिप के चलते हुआ। दरअसल, आरोपी ने एक शख्स के साथ अस्पताल के लिए पार्टरनरशिप की थी। जब दोनों के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ तो मामला पुलिस तक पहुंचा। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की, तब जाकर पूरा मामला सामने आया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम मेहबूब शेख है और वो डॉक्टर महेश पाटिल के नाम से फर्जी डिग्री के साथ मौर्या हॉस्पिटल चला रहा था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और जांच में जुट गई है। आरोपी नांदेड का रहने वाला बताया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले नांदेड में एक डॉक्टर के पास कंपाउंडर का काम कर रहा था। इस दौरान उसे लगा कि वो भी डॉक्टर का काम कर सकता है, फिर उसने फर्जी तरीके से अस्पताल चलाने की सोची और अपने साथ एक शख्स को शामिल कर लिया। लेकिन दोनों के बीच पैसों को लेकर हुए विवाद ने सारा मामला सामने आया।

आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के साथ महाराष्ट्र वैद्यकीय अधिनियम के तहत ममला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है कि आरोपी ने फर्जी सर्टिफिकेट और आधार कार्ड और अस्पताल को चलाने के अन्य कागज कहां से बनवाए।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here