भोपाल: रविवार को अवकाश के दिन भी मध्यप्रदेश सरकार ने प्रशासनिक हलकों में हलचल मचाते हुए 9 भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के तबादले कर दिए। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आदेश जारी कर इन्हें तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। इस फेरबदल में मुख्यमंत्री सचिवालय से लेकर ऊर्जा और नर्मदा घाटी विकास जैसे अहम विभागों में बदलाव किए गए हैं।
वरिष्ठ आईएएस नीरज मंडलोई को मुख्यमंत्री सचिवालय में पदस्थ किया गया है। माना जा रहा है कि उन्हें *मुख्यमंत्री मोहन यादव की प्राथमिकताओं के क्रियान्वयन* में अहम भूमिका निभाने के लिए लाया गया है। अनुभवी अफसर राजेश राजौरा को नर्मदा घाटी विकास विभाग का नया प्रमुख नियुक्त किया गया है। यह विभाग राज्य सरकार की सिंचाई और जल परियोजनाओं से जुड़ा बेहद महत्वपूर्ण पोर्टफोलियो है।
वरिष्ठ आईएएस संजय दुबे को सहकारिता और लोक सेवा प्रबंधन विभाग सौंपा गया है। यह विभाग कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पास है।






