पांच लाख रुपये के लिए ससुराल वाले करते थे प्रताड़ित, बेटी हुई तो घर से निकाला

0
52

ग्वालियर: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक महिला को उसके पति ने सिर्फ इसलिए घर से निकाल दिया क्योंकि उसने एक बेटी को जन्म दिया था। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद से ही पति उससे पांच लाख रुपये की मांग कर रहा था। इसी बीच हद तो तब हो गई जब पत्नी ने बेटी को जन्म दिया। बेटी के जन्म के बाद उसने पत्नी को घर से निकाल दिया और कहा कि पांच लाख रुपये हो तो ही वापस आना। पीड़िता अपनी पांच महीने की बच्ची को गोद में लिए शिकायत करने एसएसपी ऑफिस पहुंची।

पीड़ित ज्योति ने पुलिस को बताया कि 22 जनवरी 2019 को उसकी शादी मुरैना बानमोर के रहने वाले अमित शर्मा से हुई थी। अमित एक कंपनी में ऑफिसर हैं। शादी में ज्योति के पिता ने वो सबकुछ दिया था, जो अमित के परिवार ने मांगा था। इसके बाद भी शादी के कुछ समय बाद ससुरालवालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।

सास कलावती शर्मा व पति अमित शर्मा व ननद अंजना को पांच लाख रुपये चाहिए थे। इसी बीच 29 नवंबर 2020 को उसे पता लगा कि वह एक माह की गर्भवती है। उसने जब सास को यह बात बताई तो सास ने उसे एक दवा दी, जिसे खाने के बाद उसके पेट में बन रहा बच्चा बेटा ही होगा लेकिन उस दवा से उसका बच्चा गिर गया। इसके बाद वह फिर गर्भवती हुई लेकिन इस दौरान भी ससुरालवाले उसे प्रताड़ित करते रहे।

30 सितंबर 2021 को ज्योति ने एक बेटी को जन्म दिया। बेटी का जन्म होने के बाद परिजन उससे ताने मारने लगे। पति व सास कहते हैं हमें तो बेटा चाहिए था यह बेटी कर दी। अभी दस दिन पहले घर से निकाल दिया। बोले बेटी लेकर घर में मत आना। आना है तो पांच लाख रुपये और पिता के मकान में बेटी का हिस्सा लेकर आना। पुलिस ने ससुरालवालों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here