अजमेर: रेप के मामले में गिरफ्तार ढोंगी तांत्रिक राजेंद्र कुमार वाल्मीकि के मोबाइल से कई राज खुले है। वह खुद को भगवान बताता था और घर से भूत-प्रेत भगाने के नाम पर घर में आसन जमा लेता था। मृत्यु दोष और भूत का साए के नाम पर लोगों को डरा धमकाकर उनकी बहू-बेटियों से रेप करता। ढोंगी सट्टा और जुआ भी लगाता था। वह खुद 5वीं फेल है लेकिन बीमारियों का शर्तिया इलाज करने का झांसा देकर लोगों से रुपये ऐंठता था।
पुलिस के मुताबिक, तांत्रिक को जिस घर को निशाना बनाना होता था, वह पहले उनके दूर के रिश्तेदारों से उनकी जानकारी निकाल लेता था। इसके बाद परिवार के पास जाता और उनसे जुड़ी पुरानी बुरी घटनाओं को बताकर खुद को भगवान बताता था। परिवार की समस्या को दूर करने के लिए उसके घर में आसन जमा लेता। परिजनों को कहता कि आपके घर में भयानक भूत ने अड्डा जमा रखा है। भविष्य में सबसे पहले आपकी सबसे छोटी संतान को मारेगा और उसके बाद सबकी बारी आएगी।
भूत को बोतल में बंद करने के लिए परिवार की सबसे बड़ी बेटी को कमरे में अकेले साथ भेजने के लिए कहता। इसके बाद एकांत में तांत्रिक क्रिया करने का नाटक करता। ऐसे में वह परिजनों को दरवाजे के बाहर बैठा देता और जोर-जोर से कुल देवता का मंत्र जाप करने के लिए कहता। इस दौरान तांत्रिक क्रिया के बहाने वह महिलाओं से रेप करता था।
ढोंगी तांत्रिक बोतल में काले डोरे, रंग आदि लगाकर लाता और परिजनों से कहता कि तंत्र-मंत्र कर भूत को बोतल में बंद कर दिया है। इसके बाद बोतल को दूर जंगल में फेंककर आने के लिए कहता। एक पीड़ित परिवार से ऐसे दूसरे पीड़ित परिवार के बारे में जानकारी जुटाता और फिर इस प्रकार एक चेन सिस्टम बनाकर लोगों को फंसाता था।



