इंदौर के पास महू के पिगडंबर में हुई भाजपा नेता के बेटे सुजीत की हत्या के तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा फरार चल रहे छह आरोपियों पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम रखा है। इससे पहले गुरुवार को प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के अवैध मकानों को ध्वस्त कर दिया था।
प्रशासन ने लोकेश वर्मा के दो, राकेश डॉन के तीन और अंकित वर्मा के एक मकान को चिन्हित कर तोड़ दिया है। अन्य आरोपियों की संपत्ति की जानकारी निकाली जा रही है जिन्हें तोड़ा जाएगा। शुक्रवार को भी प्रशासन ने मन्नू और राजकुमार का गूजरखेड़ा में बना अवैध मकान तोड़ दिया।
फिलहाल स्थिति को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, ग्रामीणों ने आरोपियों को 3 दिन में पकड़कर उनका एनकाउंटर करने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि, यदि 3 दिन में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है और आंदोलन किया जाएगा। साथ ही यदि पुलिस एनकाउंटर नहीं करती है तो वह अपने तरीके से इसका बदला लेंगे।


