Sunday, December 7, 2025
More

    जमीन विवाद में किसान की हत्या, BJP नेता समेत 14 पर मामला दर्ज

    spot_img

    गुना। मध्यप्रदेश के गुना जिले रविवार को जमीन विवाद के चलते एक दर्दनाक घटना हुई। छह बीघा कृषि भूमि को लेकर चल रहा विवाद उस समय खूनी संघर्ष में बदल गया, जब एक किसान की निर्मम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रामस्वरूप नागर के रूप में हुई है। हत्या के आरोप भाजपा नेता महेंद्र नागर और उनके साथियों पर लगे हैं।पुलिस ने महेंद्र नागर समेत 14 लोगों के खिलाफ हत्या, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। हालांकि, सभी आरोपी फिलहाल फरार हैं।

    पुलिस अधिकारी विवेक अस्थाना के अनुसार, रविवार दोपहर किसान रामस्वरूप अपने खेत की ओर जा रहे थे, तभी भाजपा नेता महेंद्र नागर और उनके साथियों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने लाठी, डंडे, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया।

    प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने किसान को पीटने के बाद थार जीप उनके ऊपर चढ़ा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

    मृतक की पत्नी विनोद बाई, बेटी और भतीजी ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान हमलावरों ने न सिर्फ मारपीट की बल्कि महिलाओं के कपड़े फाड़कर अभद्रता भी की। इस घटना के बाद गांव में गुस्से और डर का माहौल है।

    ग्रामीणों ने बताया कि भाजपा नेता महेंद्र नागर लंबे समय से गांव के छोटे किसानों पर दबाव बनाकर उनकी जमीनें औने-पौने दामों में खरीद रहा था। डर और दबाव के कारण अब तक करीब 25 किसान गांव छोड़कर जा चुके हैं। रामस्वरूप ने जब जमीन बेचने से इनकार किया, तो उन पर यह हमला किया गया घटना के बाद से गणेशपुरा और आसपास के क्षेत्रों में तनाव बना हुआ है। पुलिस ने गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।

    एसपी गुना ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया गया है और राजस्थान सीमा तक दबिश दी जा रही है। मामले में 14 आरोपियों के खिलाफ एफआईआर की गई है।  घटना के बाद से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। वहीं, पुलिस ने कहा है कि कानून अपने तरीके से काम करेगा, किसी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा।

     

     

    spot_img
    spot_img
    spot_img