भोपाल: भोपाल के जेपी अस्पताल के डॉक्टर एचएल भूरिया ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में स्थित उन्होंने अपने घर पर ही फांसी लगाई है। डॉ भूरिया अस्पताल के ब्लड बैंक में पदस्थ थे। फ़िलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि डाक्टर भूरिया ने कुत्ते की रस्सी से फंदा लगाने से पहले एक वायर से फंदा लगाने की कोशिश की थी। अस्पताल परिसर में बने सरकारी क्वार्टर में वह अकेले रहते थे। शनिवार को सुबह 7 बजे के आसपास जब घर में खाना बनाने के लिए एक युवक पहुंचा तो भूरिया फंदे पर लटके हुए दिखे। वो घबरा गया। इसके बाद पुलिस को खबर की गई।
पुलिस के मुताबिक उनके मोबाइल की जांच की तो पता चला कि वे सुबह पौने चार बजे तक वाट्सअप पर ऑनलाइन थे। उन्होंने अपने विभाग के वाट्सअप ग्रुप पर मैसेज भी किया था। उन्होंने मैसेज में लिखा था कि खून का थक्का जम रहा है। हालांकि यह मैसेज किस-किस ने देखा है यह पता नहीं चल सका है।