नमक फैक्ट्री की दीवार ढही, 12 मजदूरों की मौत

0
133

मोरबी: गुजरात के मोरबी जिले में बड़ा हादसा हुआ है। जिले के हलवद में एक नमक कारखाने की दीवार गिरने से पांच महिलाओं समेत 12 मजदूरों की मौत हो गई है। मलबे में करीब 30 मजदूर दब गए है। मलबे में दबे मजदूरों को जेसीबी की मदद से निकाला जा रहा है। बताया जा रहा है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती हैं, क्योंकि कई मजदूरों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ये भी पढ़ें- प्रेमियों के लिए मां-बेटियों ने परिवार को दिया जहर, बेटी के कारण बची जान

जानकारी के अनुसार हादसा हलवद GIDC स्थित सागर सॉल्ट नाम की एक फैक्ट्री में हुआ है। जिस समय दीवार ढही, तब वहां करीब 30 मजदूर काम कर रहे थे। ऐसी भी जानकारी मिल रही है कि कुछ मजदूरों के बच्चे भी उनके साथ थे, जो हादसे का शिकार हो गए हैं। हालांकि, बच्चों के बारे में कंपनी से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल सकी है।

हादसे के करीब आधा घंटे पहले तक यहां 40 से ज्यादा मजदूर नमक की पैकिंग कर रहे थे। इनमें से कई खाना खाने बाहर चले गए थे। नहीं तो और मजदूरों की मौत हो जाती। कंपनी के कुछ श्रमिकों से मिली जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुए मजदूर राधनपुर तहसील के गांवों के रहने वाले हैं।

ये भी पढ़ें- एक कॉल और 19 साल बाद पकड़ा गया हत्या का आरोपी, पहचान छिपाकर दे रहा था चकमा

इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। पीएम ने अपने ट्वीट में कहा कि मोरबी में दीवार गिरने की घटना काफी दुख पहुंचाने वाली है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। पीएम ने हादसे में घायलों के शीघ्र ठीक होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रहा है।

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। वहीं, घायलों को 50-50 हजार रुपए और उनका पूरा इलाज मुफ्त करवाए जाने की भी घोषणा की है।

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here