राजगढ़: मध्यप्रदेश के राजगढ़ में अवैध शराब पकड़ने गई पुलिस पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया, जिसमें टीआई सहित अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। हालांकि, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो ग्रामीणों को भी गोली लगी है। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
घटना राजगढ़ जिले के बोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत कड़िया सांसी गांव की है। अवैध शराब की सूचना मिलते पर पुलिस शराब पकड़ने पहुंची थी। जैसे ही पुलिस वहां पहुंची ग्रामीणों ने पुलिस बल को घेरकर लाठिया बरसाना और पथराव शुरू कर दिया। बात इतनी बढ़ गई कि ग्रामीणों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
इस हमले में टीआई अर्जुन सिंह मुजाल्दे को गोली लगी है और तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। वहीं, पुलिस की भी जवाबी कार्रवाई में दो ग्रामीण घायल हुए हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनकामना प्रसाद सहित एसडीओपी भारतेंदु शर्मा सहित बड़ी मात्रा में राजगढ़ से रिजर्व पुलिस बल मोके पर पहुंचा।