इंदौर: इंदौर की कांग्रेस महिला नेत्री के साथ दुष्कर्म के आरोप में फरार चल रहे कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल के बेटे करण मोरवाल की परेशानियां दिन पर दिन बढ़ती ही जा रही है। कल करण के मामले में पूछताछ के लिए उसके छोटे भाई शिवम मोरवाल को इंदौर की महिला थाना पुलिस उठाकर लेकर आई थी, जिसके पीछे-पीछे कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल भी इंदौर पहुंच गए थे।
करण पर अब तक 15 हजार का इनाम घोषित था लेकिन अब उसकी इनाम राशि बढ़ाकर 25 हजार कर दी गई है। पुलिस ने करण को भगोड़ा घोषित कर दिया है। उसकी तलाश में जगह-जगह इंदौर की महिला थाना पुलिस क्राइम ब्रांच और बड़नगर की पुलिस दबिश दे रही है लेकिन करण कहीं नहीं मिल रहा है। करण की संपत्ति कुर्की की कार्रवाई भी प्रक्रियाधीन है।
वहीं अब इस मामले में खुद मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने करण के पिता कांग्रेस विधायक मुरली मोरवाल को सीधे तौर पर चेतावनी दी है कि बेटे को जल्दी पेश करवा दें। अन्यथा ऐसी कार्रवाई की जाएगी जो देखने लायक होगी।