कोरोना संकटकाल के बीच मध्यप्रदेश में अपराधों का ग्राफ तेजी से बढ़ता ही जा रहा है। ताजा मामला मध्यप्रदेश के रायसेन से सामने आया है। मिली जानकारी के मुताबिक रायसेन में मासूम भांजे और मामा के शव जंगल में फांसी पर लटके मिले।
मामला रायसेन के बेगमगंज नगर का है। यहां दो दिन पहले 30 वर्षीय युवक अपने चार साल के भांजे सोम श्रीवास्तव को आइसक्रीम का लालच देकर बिना बताए घर से ले गया था। गुरूवार सुबह दोनों के शव कोहनिय के जंगल में लटके मिले। संदिग्ध परिस्थितियों में जंगल में फांसी के फंदे पर मिले शव को लेकर क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
गुरुवार को जंगल में मवेशी चराने गए कल्लू नामक चरवाहे ने युवक और बच्चे का शव अलग-अलग पेड़ पर लटके देखा। उसने भागकर इसकी सूचना नवाबगंज पुलिस को दी। पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। टीआई इंद्राज सिंह मृतकों के शवों को बरामद कर मर्ग कायम कर लिया है। मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया- अज्ञात आरोपियों ने रंजिशवश मामा-भांजे की गला घोंटकर हत्या कर शवों को फांसी के फंदों पर लटकाकर फरार हो गए हैं।
बता दें कि इस मामले की जाँच-पड़ताल जारी है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल पर जांच-पड़ताल कर रही है। जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।