कर्ज उतारने के लिए पिता ने नहीं बेची जमीन, बेटे ने की हत्या

0
62

ग्वालियर: तीन दिन पहले शहर में हुई किसान की हत्या का आरोपी खुद उसका बेटा ही निकला है। किसान के बेटे ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपने पिता को गला दबाकर मार डाला था। इससे पहले किसान पर कट्टे से फायर भी किया गया था लेकिन निशाना चूक गया था। घटना के तीन दिन बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के रायरू निवासी रामरतन सिंह राजपूत पेशे से किसान थे। तीन दिन पहले शाम 7 बजे वह अपने खेत से घर के लिए निकले थे, लेकिन रात तक वह घर ही नहीं पहुंचे। इस पर परिजन ने किसान की तलाश शुरू की पर कुछ पता नहीं चला। रात करीब 1 बजे किसान घर और खेत के बीच में तालाब के किनारे एक पड़ा मिला था।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रारंभिक पड़ताल में साफ हुआ था कि किसान की गला घोंटकर हत्या की गई है। साथ ही सिर पर कट्टे के बट से घाव के निशान थे। इस पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पुलिस को पता चला कि, हत्या वाले दिन तालाब के पास मृतक का बेटा प्रमोद सिंह राजपूत और उसका दोस्त आशीष उपाध्याय देखे गए थे।

प्रमोद की हिस्ट्री खंगाली तो पता लगा कि वह जुआ और नशे का आदी है। अभी उस पर काफी कर्जा है। मृतक के बेटे को पुलिस सीधे नहीं उठा सकती थी। इससे तनाव फैल सकता था। इस पर पुलिस ने पहले प्रमोद के दोस्त आशीष उपाध्याय को उठाया। उसको थाना ले जाकर पूछताछ की तो उसने पूरी वारदात कुबूल कर ली। उसके बाद पुलिस ने प्रमोद को उसके घर से गिरफ्तार किया है।

आरोपी प्रमोद ने पकड़े जाने के बाद पुलिस को बताया कि उस पर 10 से 12 लाख रुपए कर्जा हो गया था। वह लगातार पिता से जमीन बेचकर उसका कर्जा चुकाने के लिए कह रहा था। कर्जदार उसे परेशान कर रहे थे। पिता सुनने को तैयार नहीं था। इस पर घटना वाले दिन भी वह प्लानिंग करके गया था कि पिता मानते है तो ठीक है, नहीं तो हत्या कर देंगे।

 

Leave a reply

Please enter your comment!
Please enter your name here